क्या इस 'धोनी' को जानते हैं आप!


MK Digital Line
कुछ साल पहले, रांची एक ऐसी जगह थी जो क्रिकेट या क्रिकेटरों के लिए बिलकुल भी नहीं जानी जाती थी। लेकिन, 7 जुलाई, 1981 को इस मिट्टी पर जन्मे माही ने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर यह कारनामा कर दिखाया और रांची को एक अलग पहचान दिलाई. आज हम एम. एस. धोनी की उन चीजों की बात करेंगे जिनके बारे में ज़्यादातर लोग नहीं जानते हैं।

रांची से खेलते हुए, धोनी को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसका असर अपने करियर पर नहीं पड़ने दिया। धोनी लड़ते रहे, खेलते रहे, और कठिन परिस्थितियों से जूझते रहे। यही कारण है कि आज वह इस मुक़ाम पर है।

गौतम आज़ाद बताते हैं कि भारत के सबसे सफल कप्तान, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और फिनिशर के रूप में जाने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी पहले एक क्रिकेटर बनना ही नहीं चाहते थे। जी हां, फुटबॉल उनका पसंदीदा खेल था। उनका क्रिकेट से बहुत कम लेना-देना था। प्रारंभ में वह रांची के श्यामली स्थित जवाहर विद्या मंदिर में पढ़ते हुए फुटबॉल टीम में गोलकीपर थे।

सी. राजशेखर राव की किताब 'धोनी' (ओशन बुक्स पब्लिकेशन) के मुताबिक, 1992 में धोनी छठी कक्षा में थे और स्कूल क्रिकेट टीम को एक विकेटकीपर की जरूरत थी। तब खेल शिक्षक केशव बनर्जी को धोनी की याद आई. उन्होंने सोचा कि अगर यह लड़का फुटबॉल रोक सकता है, तो क्रिकेट की गेंद निश्चित रूप से रोक ही देगा। फिर उन्होंने धोनी को क्रिकेट के मैदान पर खड़ा कर दिया और आगे जो हुआ वह दुनिया जानती है।

एक बार धोनी ने केशव बनर्जी से बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आने की विनंती की। जिसके बाद उन्होंने धोनी को एक चुनौती दी कि - 'अगर वह रन नहीं बना पाएं तो घर वापसी के समय उन्हें स्कूल बस नहीं मिलेगी।' यानी ऐसी सूरत में धोनी को करीब 4-5 किलोमीटर दौड़कर घर जाना होगा। धोनी ने इस चुनौती को स्वीकार कर लिया और जीत भी गए।

देश का प्रतिनिधित्व करने से पहले धोनी नई दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में अभ्यास करते थे। इस बार कोच एमपी सिंह और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज विवेक राजदान भी धोनी की बल्लेबाजी के फैन हुए थे।

धोनी को अन्य खेलों में बैडमिंटन और शूटिंग करना पसंद है। जब कभी वह एक नए शहर में होते हैं तो वह अकसर पता लगाते हैं कि इस शहर में शूटिंग कहां की जा सकती है. रांची में होते हुए वह अभी भी अपने करीबी दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने का आनंद लेते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post